श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, 2 हजार दीपों से होगी गंगा आरती

Spread the love

पूरे देश मे आज मकर सक्रांति धूमधाम से मनाई जा रही है. देवप्रयाग संगम नगरी में देश भर से आये श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई. इस दौरान प्रदेश भर से आई देव डोलियों ने भी अलकनंदा, भागीरथी के संगम स्थल पर स्नान किया। लोग कड़कड़ाती ठंड में सुबह से ही देवप्रयाग पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाते रहे। देर शाम देवप्रयाग में 2000 दीपों को प्रज्वलित कर गंगा आरती की जाएगी.ये पहला मौका होगा जब देवप्रयाग में पहली बार धूमधाम से गंगा आरती की जाएगी। सारा कार्यक्रम पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित किया जाएगा। देवप्रयाग पंडा समाज के वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य हरीश चंद तिवारी ने बताया रात 8.30 मिनट बाद मकर सक्रांति का पावन पर्व शुरू होगा जो 15 जनवरी 12 बजे तक मनाया जाएगा. उन्होंने कहा देवप्रयाग में संगम में देश दुनिया से लोग आस्था की डुबकी लगाते हैं। उन्होंने बताया भगवान राम ने भी रावण की हत्या के पाप से मुक्ति के लिए यहां यज्ञ किया. राजा दशरथ का भी प्रभु राम ने यही आकर पिंड दान किया था। उन्होंने बताया माना जाता है कि यहां देवता स्नान करने आते हैं जिसके कारण इसे देवताओं का प्रयाग कहा जाता रहा है। इसी के कारण इस स्थल को देवप्रयाग के नाम से जाना जाता है. देवप्रयाग को ‘सुदर्शन क्षेत्र’ भी कहा जाता है। 7वीं सदी में देवप्रयाग को ‘ब्रह्मपुरी’, ‘ब्रह्म तीर्थ’ और ‘श्रीखण्ड नगर’ जैसे विभिन्न नामों से जाना जाता था। देवप्रयाग को ‘उत्तराखंड के रत्न’ के रूप में भी जाना जाता है।


Spread the love