नई दिल्ली/देहरादून। देश के अधिकांश राज्यों मंे इन दिनों बारिश का दौर लगातार जारी है, कई जगहों पर हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। उत्तराखण्ड, राजस्थान, यूपी, पंजाब, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में बारिश कहर बनकर बरप रही है। इस बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में गुरुवार को बादल फट गया। इससे दोनों जगह 2-2 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि महाराष्ट्र में अगले 4-5 दिन तक बारिश का दौर नहीं थमेगा।
उत्तराखंड में तेज बारिश के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में भारी बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर के रामबन में गुरुवार को बादल फट गया। इसमें दो लोग की मौत हो गई। लैंडस्लाइड और पत्थर गिरने से नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही थम गई। प्रशासन ने पहले ही तेज बारिश की चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग ने गुरुवार को महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें पालघर, रत्नागिरी, नासिक, कोल्हापुर, सतारा, अकोला, अमरावती, बुलढाणा, गोंदिया, चंद्रपुर, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल शामिल हैं। हिमाचल में बादल फटने से 20 से अधिक घरों को नुकसान हिमाचल प्रदेश में बीती रात से ही तबाही की बारिश हो रही है। कुल्लू के आनी और निरमंड ब्लॉक में बादल फटने की घटनाएं हुईं। आनी की देवठी पंचायत में बीती रात तीन बजे के करीब बादल फटने के बाद खदेड़ गांव में मकान पर मलबा गिर गया। इसकी चपेट में आकर 60 साल की महिला और 16 साल की बच्ची की मौत हो गई।