हिमस्खलन त्रासदीः नौ लाशें बरामद, 29 की तलाश जारी! खराब मौसम के चलते रेस्क्यू में आ रही दिक्कतें, युद्धस्तर पर काम कर रही बचाव टीमें

Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड में हिमस्खलन त्रासदी के बाद 9 शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि अभी भी 29 ट्रेनी पर्वतारोही हिमस्खलन में फंसे हुए हैं, जिनकी तलाश में लगातार रेस्क्यू किया जा रहा है। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) ने बताया कि बरामद लाशों में से चार लाशें मंगलवार और बुधवार को बरामद की गई थीं। निम के पीआरओ ने बताया कि बरामद की गई लाशें बेस कैंप पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि आज लाशों को नीचे लाए जाने की उम्मीद है। मिली जानकारी के अनुसार खराब मौसम की वजह से लाशों को नीचे लाने में कठिनाई हो रही है। निम के पीआरओ ने बताया कि बचाव टीमें पूरा प्रयास कर रहीं हैं कि इन लाशों को बेस कैंप तक पहुंचाया जा सके। उत्तरकाशी में बर्फ के तूफान में ट्रेनी पर्वतारोही फंस गए थे। फंसे हुए लोगों को बचाव टीम द्वारा बचाया जा रहा है। फंसे हुए लोगों की तलाशी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल (HAWS) और जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग के विशेषज्ञों की एक टीम कर रही है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में द्रौपदी के डंडा- II पर्वत शिखर पर मंगलवार को हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद फंसे पर्वतारोहियों को बचाने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) भी जुटे हुए हैं।


Spread the love