उत्तराखंड में मौसम का मिजाज तल्ख! कड़कड़ाती ठंड से लोग बेहाल

Spread the love

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज तल्ख है। इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही कोहरा और पाला लोगों की मुश्किलों को बढ़ा रहा है। लेकिन आज लोगों को कुछ राहत जरूर मिल सकती है।

उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम विभाग ने शनिवार यानि आज शीतलहर चलने की भविष्यवाणी की है। इसके अलावा कई जिलों में कोहरा और पाले को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि राज्य भर में मौसम के शुष्क रहने की भी उम्मीद जताई गई है जबकि देहरादून में शनिवार को तापमान के लिहाज से कुछ राहत मिलने के भी संकेत हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिले के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने इन दोनों ही जिलों में शनिवार को कोहरे की अधिकता को लेकर संभावना व्यक्त की है। वहीं येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इसके अलावा नैनीताल हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिले में शीतलहर की स्थिति बनने की भी संभावना व्यक्त की गई है। यानी शनिवार को इन तीनों ही जिलों के कई हिस्सों में ठंडी हवाएं लोगों की मुसीबतें बढ़ा सकती हैं। एक तरफ शीतलहर के कारण मैदानी जिलों पर इसका प्रकोप दिखाई दे सकता है तो वहीं पहाड़ी जनपदों में पाला बड़ी समस्या बनता जा रहा है। स्थिति यह है कि पाले को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी जनपदों में पाले के कारण यातायात में सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। हालांकि प्रदेश भर में मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद है। लेकिन देहरादून पौड़ी और नैनीताल जनपद के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा रहने की संभावना व्यक्त की गई है। फिलहाल देहरादून के तापमान को लेकर भी भविष्यवाणी की गई है जिसमें तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत मिले हैं। शुक्रवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस था तो न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

 


Spread the love