‘भारत जोड़ो यात्रा’ का श्रीनगर में समापन आज! शेरे-ए-कश्मीर स्टेडियम में होगी जनसभा

Spread the love

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम दिन उत्तराखंड में कांग्रेस भी इसको सेलिब्रेट करेगी। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय में भी तिरंगा फहराया जाएगा। तो वहीं कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से गांधी पार्क तक मानव श्रृंखला बनाई जाएगी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज भारत जोड़ो यात्रा का विधिवत समापन करेंगे। राहुल गांधी श्रीनगर मौलाना आजाद रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में झंडा फहराएंगे। इसके बाद शेरे-ए-कश्मीर स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे। उत्तराखंड में भी सद्भावना और एकजुटता दर्शाने के उद्देश्य से कांग्रेसी प्रदेश मुख्यालय में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय से गांधी पार्क तक मानव श्रृंखला बनाकर महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। उत्तराखंड में कांग्रेस सभी जिला मुख्यालयों में सुबह 10 बजे झंडा फहराएगी.कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 14 राज्यों से गुजरने वाली भारत जोड़ो यात्रा का समापन कश्मीर में होने जा रहा है। भारत जोड़ो यात्रा आजाद भारत में आयोजित किसी भी जनसंपर्क अभियान से विशाल और सबसे व्यापक रही। राहुल गांधी की इस यात्रा का मकसद देश में नफरत और हिंसा के खिलाफ सकारात्मक प्रेम सौहार्द और राष्ट्रीयता का वातावरण निर्मित करना था।

वही बीते रोज रविवार को राहुल गांधी ने श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरपूर जोश नजर आया। राहुल गांधी के साथ उनकी बहन एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। लाल चौक के बाद ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बुलेवार्ड क्षेत्र में नेहरू पार्क की तरफ बढ़ी। लाल चौक के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया गया था सिटी सेंटर के चारों तरफ बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया।


Spread the love