वैज्ञानिक शहरी योजना से ट्रैफिक अनुशासन होगा मजबूत

Blog
 Image

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति कुम्भार ने कार्यभार संभालते ही कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। मंगलवार को पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में पुलिसिंग को पूरी तरह पीड़ित केंद्रित बनाया जाएगा।

एसएसपी ने महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने की घोषणा की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलते ही तत्काल मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई से ही पीड़ितों को न्याय का भरोसा मिलेगा। जनपद में बढ़ती नशे की समस्या पर भी एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अब पुलिस केवल छोटे स्तर पर नशा बेचने वालों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सप्लाई चेन की पहचान कर उस पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की जाएगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यातायात व्यवस्था को लेकर भी एसएसपी ने स्पष्ट रणनीति पेश की। उन्होंने कहा कि शहर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए वैज्ञानिक और आधुनिक यातायात प्रबंधन प्रणाली लागू की जाएगी। प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए व्यापक सत्यापन अभियान चलाने की घोषणा की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर भी चिंता जताई और साइबर सेल को तकनीकी रूप से अधिक सशक्त व आधुनिक बनाने की बात कही। अंत में उन्होंने कहा कि मीडिया, जनता और पुलिस के बीच समन्वय को मजबूत कर पारदर्शी पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि हर फरियादी को न्याय और सुरक्षा का वास्तविक अहसास हो सके।