नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को देशभर में धार्मिक, सामाजिक और सेवा गतिविधियों का सिलसिला देखने को मिला। गुजरात के वडनगर से लेकर उत्तर प्रदेश की वाराणसी और मध्य प्रदेश के उज्जैन तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को इस वर्ष उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जोड़ा गया है। भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आज देश-दुनिया में उत्साह, आस्था और सेवा भाव की अनूठी बयार देखने को मिली। उनकी जन्मभूमि गुजरात के वडनगर से लेकर राजनीतिक कर्मभूमि उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक पूरा देश उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया। राष्ट्रपति, संवैधानिक पदों पर आसीन शीर्ष हस्तियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देकर उनके दीर्घायु और निरोगी जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य एवं यशस्वी जीवन के लिए देशभर के धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के ऐतिहासिक कालसी स्थित यमुना तट पर विशेष आरती एवं धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया और पीएम के सुखी व दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। उज्जैन में मोक्षदायिनी शिप्रा नदी के तट पर भव्य आरती की गई। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा तट आध्यात्मिक ऊर्जा से जगमगा उठा। पीएम मोदी के जन्मदिन और 'विश्वकर्मा पूजा' के पावन संयोग पर देशभर में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बताया कि देश सेवा के भाव को समर्पित करते हुए युवाओं द्वारा बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में शिरकत की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष भारत के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित रहे हैं। दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि देशवासी इस दिन को एक पर्व की तरह मना रहे हैं। पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत का मान वैश्विक मंच पर लगातार बढ़ रहा है और देश का किसान, युवा व गरीब आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। शुभकामनाओं के साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगी। वडनगर की गलियों से लेकर राजधानी दिल्ली तक, जन्मदिन का यह अवसर केवल एक व्यक्तिगत उत्सव न रहकर सेवा, समर्पण और राष्ट्र-पुनर्निर्माण के संकल्प का एक व्यापक अभियान बन गया।

