वायरल वीडियो से धार्मिक भावनाएं भड़कीं, कानपुर में पुजारी पर हमला

Blog
 Image

कानपुर। यूपी के कानपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न केवल लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाई है, बल्कि आक्रोश भी पैदा कर दिया है। दरअसल, कानपुर के रावतपुर इलाके में स्थित भूतेश्वर मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते हुए कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र के कई लोग नाराज हो गए और महंत के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें भीड़ से निकालकर थाने ले गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक फोटो और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मंदिर के महंत को नॉनवेज खाते हुए दिखाया गया। इसके बाद इलाके के लोगों में नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना था कि मंदिर में रहने वाले महंत को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए। रविवार देर रात जब महंत मंदिर परिसर में मौजूद थे, तभी कुछ लोग वहां पहुंच गए और गुस्से में उनके साथ मारपीट करने लगे। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित भूतेश्वर मंदिर के महंत हैं और मंदिर परिसर में बने एक कमरे में ही रहते हैं। इधर मारपीट की घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह महंत को भीड़ से बचाकर रावतपुर थाने ले आई। मारपीट में उन्हें चोटें आई हैं। महंत ने इस मामले में थाने में तहरीर दी है जिस पर पुलिस जांच कर रही है।