19 अप्रैल को खुलेगा गंगोत्री का द्वार, -10 डिग्री तापमान में भी जारी है यात्रा पथ का सुदृढ़ीकरण

Blog
 Image

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 8 मार्च से राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। विभाग ने 8 से 11 मार्च तक के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। फिलहाल 6 और 7 मार्च को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 8 मार्च को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथोरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गर्जना के साथ बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। वहीं 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में इस दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 9 मार्च को बारिश और बर्फबारी का दायरा कुछ और बढ़ने की संभावना है। इस दिन रुद्रप्रयाग, बागेश्वर सहित उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों के 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी बनी रहेगी। 10 और 11 मार्च को भी मौसम का यही रुख रहने की संभावना है। इन दिनों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि यह प्रभाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण देखने को मिल सकता है। इधर राज्य में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक से लेकर अत्यधिक अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में राज्य के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इस बीच प्रदेश की प्रसिद्ध चार धाम यात्रा की तैयारियां भी जारी हैं, जो इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। चारधामों में इस समय कड़ाके की ठंड बनी हुई है।गंगोत्री  में अधिकतम तापमान करीब -1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान -10 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है। वहीं केदारनाथ  और बद्रीनाथ धाम में भी न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में होने वाली हल्की बारिश और बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर कुछ समय तक बना रह सकता है।