govt-ads

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: सपा ने गठबंधन के तहत 30 सीटों पर ठोका दावा,अखिलेश यादव को भेजी सूची

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उत्तराखंड समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने एक प्रेस बयान जारी कर बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने के लिए राज्य की 30 विधानसभा सीटों को चिह्नित किया है। इस सूची को अंतिम निर्णय के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेज दिया गया है।

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने भी चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। सपा ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के साथ गठबंधन की संभावनाओं के बीच प्रदेश की 30 विधानसभा सीटों को चिह्नित कर उनकी सूची पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेज दी है। इनमें 15 सीटों को प्राथमिकता में रखा गया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों पर विचार-विमर्श करने के बाद यह सूची तैयार की है। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस पर अंतिम निर्णय लेंगे। प्रदेश संगठन राष्ट्रीय नेतृत्व के फैसले का पालन करेगा। सिद्दीकी ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए पूरे विपक्ष को एकजुट होना जरूरी है। अलग-अलग चुनाव लड़ने के बजाय विपक्षी दलों को साझा रणनीति बनाकर मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन में समाजवादी पार्टी को जो भी सीटें मिलेंगी, उन पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ा जाएगा। साथ ही गठबंधन के सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को भी समर्थन दिया जाएगा। हालांकि सपा ने गठबंधन को लेकर अपनी मंशा स्पष्ट करने के साथ ही अकेले चुनाव लड़ने का विकल्प भी खुला रखा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी कारणवश विपक्षी दलों के बीच गठबंधन नहीं हो पाता है तो समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सपा की ओर से 30 सीटों की दावेदारी सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में गठबंधन के समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब निगाहें कांग्रेस और सपा के बीच संभावित बातचीत तथा अखिलेश यादव के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।