देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा अब संगठन के स्तर पर नया प्रयोग करने जा रही है। पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारकों की नियुक्ति करेगी। ये महिला कार्यकर्ता संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में रहकर पार्टी के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के साथ महिलाओं के बीच संगठन की पहुंच मजबूत करेंगी। भाजपा का मानना है कि चुनावी रणनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और मातृशक्ति से सीधा संवाद स्थापित करने से संगठन को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही पार्टी ने युवा, किसान, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज सहित विभिन्न वर्गों तक पहुंचने के लिए व्यापक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने बताया कि पार्टी ने पहले ही सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 70 पूर्णकालिक विस्तारकों की नियुक्ति की है। अब इसी योजना को आगे बढ़ाते हुए 70 महिला विस्तारक भी नियुक्त की जाएंगी। ये सभी प्रवासी कार्यकर्ता होंगी और संबंधित विधानसभा क्षेत्र में रहकर पार्टी के कार्यक्रमों को मातृशक्ति के बीच विस्तार देंगी। उन्होंने इसे संगठन का अभिनव प्रयोग बताते हुए कहा कि पार्टी की सफलता में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। आगामी चुनाव में भी महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि भाजपा का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग, जाति और क्षेत्र तक अपनी बात पहुंचाना है। इसके लिए पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। महिला मोर्चा प्रदेश के सभी 12,543 बूथों पर ड्रॉइंग रूम बैठकें आयोजित करेगा। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों से संपर्क और विधानसभा स्तर पर महिला सम्मेलन भी किए जाएंगे। महिला विस्तारक इन गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। युवा मोर्चा प्रदेश के 3,032 शक्ति केंद्रों पर एक-एक कोने की बैठक आयोजित करेगा। विधानसभा स्तर पर मोटरसाइकिल रैलियां निकाली जाएंगी। महाविद्यालयों, प्रशिक्षण केंद्रों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में युवाओं से संपर्क किया जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर युवा सम्मेलन भी आयोजित होंगे। किसान मोर्चा प्रदेश के सभी 304 मंडलों में किसान चौपाल लगाएगा। इन चौपालों के माध्यम से किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं और मुद्दों को समझने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक मोर्चों को अपने-अपने समाज के बीच कार्यक्रम और विधानसभा स्तरीय सम्मेलन आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्धजनों के सम्मेलन भी आयोजित करेगी। पार्टी की रणनीति में छोटी बैठकों से लेकर बड़े सम्मेलनों तक को शामिल किया गया है, ताकि चुनावी संदेश घर-घर और समाज के विभिन्न समूहों तक पहुंचाया जा सके। कॉर्नर बैठकें, ड्रॉइंग रूम बैठकें, किसान चौपाल, युवा सम्मेलन और जनआशीर्वाद कार्यक्रम इसी अभियान का हिस्सा होंगे। भाजपा नेताओं के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से दिए गए 65 से अधिक सीटों के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक स्तर पर यह रणनीति बनाई गई है। पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा जताया है। अब देखना होगा कि महिला विस्तारकों और मोर्चों के जरिए तैयार की गई यह रणनीति चुनावी मैदान में भाजपा को कितना लाभ पहुंचाती है।

