चार दिन तक टिहरी में रहेगा उत्सव का माहौल; लेक फेस्टिवल के उद्घाटन पर बोले सीएम- विकास हमारी प्राथमिकता

Blog
 Image

टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का भव्य शुभारंभ गुरुवार को कोटी कॉलोनी में हुआ। महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री धामी ने किया। 6 से 9 मार्च तक चलने वाले इस लेक फेस्टिवल के माध्यम से प्रदेश में पर्यटन को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि टिहरी झील उत्तराखंड की पर्यटन क्षमता का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रही है। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल राज्य की प्राकृतिक सुंदरता को देश-विदेश में पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में साहसिक पर्यटन और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

चार दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में साहसिक खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा। फेस्टिवल के दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को मंच देने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। महोत्सव में युवाओं और प्रतिभागियों के लिए कई प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं। इनमें मास्टर शेफ प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील मेकिंग, ग्रुप फैशन शो, ‘मिस्टर एंड मिस टिहरी’, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना और पर्यटन गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करना है। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार मिलेगा। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पांच-पांच हजार रुपये के 10 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए  उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भी इस महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि इस तरह के आयोजन टिहरी को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति देंगे।