शादी में डांस करते समय युवक को लगी गोली! आरोपी का अभीतक नहीं लगा कोई सुराग

Spread the love

रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में शादी समारोह में एक युवक जमकर ठुमके लगा रहा था, तभी अचानक से गोली उसके पेट में जा लगी। युवक को किसने गोली मारी और कैसे उसे लगी है इसका पता नहीं चल पाया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। उधर युवक का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

रुड़की के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में डांस करने के दौरान एक युवक के पेट में गोली लग गई। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली है। जानकारी के मुताबिक, रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के माहीग्रान बंधा रोड मोहल्ला निवासी शाहरुख नाम का युवक गुरुवार को अपने साथियों के साथ कलियर थाना क्षेत्र के इमली खेड़ा गांव में एक शादी समारोह में गया था। बताया जा रहा है कि देर रात डीजे पर डांस करने के दौरान संदिग्ध हालत में उसके पेट में गोली लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को गोली लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद आनन-फानन में युवक को भगवानपुरा क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर युवक का इलाज चल रहा है। वहीं अस्पताल में घायल युवक के आने के बाद भगवानपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। भगवानपुर थाने के उप निरीक्षक विपिन कुमार ने मौके पर पहुंचकर डॉक्टरों से युवक के बारे में जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि कलियर थाना पुलिस को इस बारे में अवगत करा दिया गया है। वहीं एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि युवक इमली खेड़ा गांव में शादी समारोह में गया था। जहां पर यह घटना घटित हुई है। शादी समारोह में ही युवक के गोली लगी है। उन्होंने बताया कि युवक को गोली कैसे लगी है? इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

 


Spread the love