देहरादून। उत्तराखंड में कुशल प्रबंधन और सुगम व्यवस्थाओं के बीच चल रही चारधाम यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के चलते यमुनोत्री के बाद अब गंगोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या ने पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। गंगोत्री धाम के इतिहास में पहली बार रिकॉर्ड 7.84 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं, वहीं यमुनोत्री धाम में भी आंकड़ा 7 लाख के पार पहुंच गया है।
विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस बार नए रिकॉर्ड बनाने की ओर तेजी से बढ़ रही है। बेहतर व्यवस्थाओं और कुशल प्रबंधन के बीच चारों धामों में अब तक 50,28,497 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के 147 दिनों में यह आंकड़ा सामने आया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 45,09,324 श्रद्धालुओं ने चारधामों में दर्शन किए थे। यानी इस बार अब तक पिछले साल की तुलना में करीब 5.19 लाख अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। खास बात यह है कि इस बार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। गंगोत्री धाम में पहली बार 7.84 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जबकि यमुनोत्री में भी दर्शनार्थियों का आंकड़ा सात लाख के पार पहुंच गया है। यात्रा के लिए अभी करीब दो माह का समय शेष है। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। गंगोत्री धाम में इस वर्ष यात्रा ने नया इतिहास बनाया है। अब तक 7,84,321 श्रद्धालु मां गंगोत्री के दर्शन कर चुके हैं। इससे पहले वर्ष 2022 में 7,81,961 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। वर्ष 2023 में यह आंकड़ा 7,12,749 और वर्ष 2025 में 7,58,249 रहा था। इस बार गंगोत्री पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या ने इन सभी पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। इससे यात्रा व्यवस्थाओं और धामों में बढ़ती आस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। वर्ष 2025 में यहां 6,44,637 श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि इस वर्ष अब तक 7,03,302 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यानी पिछले साल के मुकाबले इस बार यात्रा काफी आगे चल रही है। यमुनोत्री और गंगोत्री में बढ़ती संख्या को चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं के बढ़ते आकर्षण के रूप में देखा जा रहा है। चारधाम के प्रमुख धाम बदरीनाथ में भी यात्रा रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। अब तक 17,28,578 श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में बदरीनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 13,82,845 थी। इस तरह इस वर्ष बदरीनाथ यात्रा में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।बदरीनाथ में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से आने वाले दिनों में यात्रा का आंकड़ा और ऊपर जाने की उम्मीद है। चारधाम यात्रा के साथ ही सिखों के प्रमुख तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब में भी श्रद्धालुओं की संख्या में उत्साहजनक वृद्धि दर्ज की गई है। इस वर्ष अब तक 3,19,135 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच चुके हैं। बीते वर्षों की तुलना में यह संख्या भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चारधाम यात्रा के मौजूदा आंकड़े सरकार और प्रशासन के लिए उत्साह बढ़ाने वाले हैं। 147 दिनों में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का धामों तक पहुंचना उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। पिछले साल की तुलना में इस बार यात्रा काफी आगे चल रही है। यात्रा के लिए अभी करीब दो माह का समय शेष है। ऐसे में आने वाले दिनों में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। यदि यही रफ्तार बनी रही तो इस वर्ष चारधाम यात्रा नए आंकड़ों और नए रिकॉर्ड के साथ इतिहास रच सकती है।

