रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार स्थित एक होटल में ठहरी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के साथ होटल में ठहरे दो युवक घटना के बाद से ही फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया हत्या से जोड़कर जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से पड़ताल शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार बीती रात हरियाणा से आए दो युवक और एक महिला रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार स्थित एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। शनिवार सुबह दोनों युवक कमरे की चाबी होटल स्वामी को देकर यह कहकर बाहर चले गए कि वे कुछ देर में वापस लौट आएंगे। लेकिन देर शाम तक जब दोनों युवक वापस नहीं लौटे तो होटल स्वामी को शक हुआ। संदेह होने पर होटल स्वामी ने कमरे की खिड़की से अंदर झांककर देखा। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। महिला कमरे के भीतर संदिग्ध अवस्था में गिरी हुई दिखाई दी। इसके बाद होटल स्वामी ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की। पुलिस को महिला अंदर मृत अवस्था में मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला के साथ आए दोनों युवक सुबह से ही फरार हैं, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। होटल में ठहरे लोगों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही होटल के रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया और बाजार क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने बताया कि फरार दोनों युवकों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस देर रात तक पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी रही।

