उत्तराखंड के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: सीएम धामी ने 306 करोड़ से अधिक की योजनाओं को दी मंजूरी 

Blog
 Image

देहरादून। राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, आपदा सुरक्षा और धार्मिक स्थलों के समग्र विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर में सड़क अवसंरचना, पर्यटन विकास, बाढ़ सुरक्षा, जनसुविधाओं और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 306 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

उत्तराखंड में सड़क, पर्यटन, बाढ़ सुरक्षा और धार्मिक स्थलों के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 306 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं को प्रशासकीय एवं वित्तीय मंजूरी दी है। स्वीकृत योजनाओं में केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत सड़क निर्माण से लेकर बदरीनाथ धाम में रिवर फ्रंट विकास, बाढ़ सुरक्षा, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और जन सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। सबसे बड़ा हिस्सा केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत स्वीकृत नौ कार्यों का है। इन कार्यों के लिए मुख्यमंत्री ने कुल 288.41 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही पहली किश्त के रूप में कुल स्वीकृत राशि की 40 प्रतिशत धनराशि यानी 115.36 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जाने का अनुमोदन किया गया है। इन कार्यों के शुरू होने से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क अवसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र बदरीनाथ धाम में रिवर फ्रंट विकास कार्य की पुनरीक्षित लागत के क्रम में भी मुख्यमंत्री ने वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इसके तहत चालू वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार के पर्यटन अवस्थापना मद से छह करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया गया है। इससे धाम क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकेगा। मानसून के दौरान बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है। राज्य सेक्टर के तहत पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल जिलों में छह योजनाओं के लिए कुल 9.30 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसमें बाढ़ सुरक्षा कार्यों, क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण और बाढ़ सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों को शामिल किया गया है। अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चलनीछीना में घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.39 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की कुणिया ग्राम सभा में तपड़ी घाट से गोलमानू प्राथमिक विद्यालय तक सीसी मार्ग के निर्माण के लिए 72.63 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे स्थानीय आवागमन और ग्रामीण क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा हल्द्वानी स्थित श्रम भवन परिसर में लिफ्ट संयोजन के निर्माण कार्य के लिए 30.30 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। सरकार की ओर से मंजूर किए गए इन कार्यों में सड़क और सुरक्षा से लेकर धार्मिक पर्यटन तथा स्थानीय जन सुविधाओं तक विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है।