जनपद नैनीताल के रामनगर में संदिग्ध हालातों में एक युवक ने तमंचे से कनपटी पर गोली मारकर आत्म हत्या कर ली। आत्म हत्या का कारण पारिवारिक विवाद माना जा रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम उदयपुरी बंदोबस्ती पीरुमदारा निवासी 37 वर्षीय कुलदीप सिंह ने सोमवार देर रात घर पर 315 बोर के तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली चला दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि कुलदीप सिंह का पारिवारिक विवाद चल रहा था तथा वह काफी परेशान था। उन्होंने कहा कि संभवतः कुलदीप ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्म हत्या की है। घटना स्थल से कोई सुसाईड नोट नहीं मिला है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।