बागेश्वर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज मतदान शुरू हो गया है। यहां मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच सिमटा नजर आ रहा है। चुनाव मैदान में उत्तराखंड क्रांति दल, समाजवादी पार्टी और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रत्याशी भी हैं। विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,17,973 मतदाता है। मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा और मतगणना आठ सितंबर को होगी।
विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदाता लगातार बूथ पर पहुंच रहे हैं। उपचुनाव में लोग बढ़ चढ़कर भागीदारी ले रहे हैं। बता दें कि उपचुनाव के लिए निर्वाचन व्यय लेखा का तीसरे चरण का मिलान किया गया। इसमें भाजपा प्रत्याशी ने सबसे अधिक और उपपा प्रत्याशी ने सबसे कम धनराशि खर्च की है। बागेश्वर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। अब तक लगभग 10.15 प्रतिशत मतदान किए जा चुके हैं। वोटिंग के नतीजे आठ सितंबर को आएंगे। पोलिंग बूथों पर मतदान के लिए मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। उपचुनाव के लिए अपने मत को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र को तीन जोन, 28 सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 172 मतदान केंद्र और 188 मतदेय स्थलों पर मतदान शांतिपूर्वक चल रहा। शुरुआती दो घंटे में 10 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। बादलों के कारण बारिश के अंदेशे के बावजूद सुबह साढ़े छह बजे से ही मतदान केंद्रों में वोटर पहुंचने लगे थे। धीरे-धीरे मौसम खुलने लगा और कतार लंबी होने लगी। भाजपा से स्वर्गीय चंदन राम दास की पत्नी पार्वती दास, कांग्रेस से बसंत कुमार, समाजवादी पार्टी से भगवती प्रसाद, उत्तराखंड क्रांति दल से अर्जन कुमार देव और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी से भगवत कोहली चुनाव मैदान में हैं। वही प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट के जरिए कहा- “सरयू एवं गोमती नदी के संगम पर स्थित बाबा बागनाथ की पवित्र धरती को नमन करते हुए बागेश्वर विधानसभा की देवतुल्य जनता से विनम्र निवेदन करता हूं कि लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का सदुपयोग कर बागेश्वर की विकासयात्रा को अविराम जारी रखने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।