उत्तराखंड बीजेपी कोर ग्रुप की अहम बैठक: तीन महामंत्री बाहर, बहुगुणा-तीरथ गैरहाज़िर, 2027 चुनावी रणनीति पर मंथन

Blog
 Image

देहरादून के जौलीग्रांट में उत्तराखंड भाजपा की कोर ग्रुप बैठक जारी है, जिसे पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय नेता जेपी नड्डा ले रहे हैं। बैठक प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हो रही है और इसमें पार्टी के 14 प्रमुख नेता शामिल हुए हैं। हालांकि इस बार की बैठक कई मायनों में खास और चौंकाने वाली मानी जा रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदेश के तीनों महामंत्रियों को कोर ग्रुप बैठक से बाहर रखा गया है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और तीरथ सिंह रावत भी बैठक में मौजूद नहीं हैं। इनकी अनुपस्थिति ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संगठन महामंत्री अजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और रमेश पोखरियाल निशंक सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत और महेंद्र भट्ट को छोड़कर प्रदेश के सभी छह लोकसभा और राज्यसभा सांसद भी बैठक में पहुंचे हैं। कैबिनेट से सतपाल महाराज और धन सिंह रावत को भी शामिल किया गया है।लंबे समय बाद हो रही यह कोर ग्रुप बैठक आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार हाल ही में पार्टी द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में कई विधायकों की कार्यशैली और प्रदर्शन को लेकर असंतोष सामने आया है। ऐसे में संगठनात्मक फेरबदल, दायित्वों की मांग और चुनावी रणनीति को लेकर गंभीर मंथन होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश में चल रहे राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। बैठक के फैसलों पर सबकी निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इससे आने वाले समय में भाजपा की रणनीति की दिशा तय होगी।