Tuesday, April 16, 2024
No menu items!
Google search engine
Homeउधम सिंह नगरप्रधानमंत्री मोदी से मिले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी! इन्वेस्टर समिट में आने...

प्रधानमंत्री मोदी से मिले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी! इन्वेस्टर समिट में आने का दिया निमंत्रण

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर हैं। सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। सीएम धामी ने पीएम मोदी से अक्टूबर में प्रस्तावित इन्वेस्टर समिट के उद्घाटन के लिए समय देने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सीएम धामी ने उत्तराखंड के विकास में उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम का प्रसाद, गंगा तुलसी, गंगोत्री यमुनोत्री, अलकनंदा और मंदाकिनी का गंगाजल के साथ ही रुद्राक्ष की माला भी भेंट की। डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विकास से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर प्रधानमंत्री से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराते हुए कहा रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं। जोशीमठ में केंद्र सरकार के सहयोग से राहत कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने जोशीमठ के संदर्भ में केंद्र सरकार से हर संभव सहयोग की बात कही।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से माह अक्टूबर/नवम्बर 2023 में राज्य में प्रस्तावित इन्वेस्टर समिट के उद्घाटन के लिए समय दिए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने मानसखण्ड के अन्तर्गत जागेश्वर धाम, “आदि कैलाश/पार्वती सरोवर/ओम पर्वत के दर्शन, लोहाघाट में मायावाती आश्रम की यात्रा के साथ ही सीमान्त जनपद पिथौरागढ़ में जन सम्बोधन एवं विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास के लिए आने का भी प्रधानमंत्री जी से आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देश में क्षेत्रीय संपर्क योजना के अर्न्तगत राज्य में वायु सेवाओं में उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य में हवाई सेवाओं के त्वरित विकास हेतु भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय में राज्य से सम्बन्धित मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए 243 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है. पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण हेतु फिजिबिलिटी सर्वेक्षण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने नैनी सैनी एयरपोर्ट का महानिदेशक नागरिक उड्डयन से लाइसेंस नवीनीकरण, एनटीआरओ से जौलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र दिलवाए जाने का अनुरोध किया।

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

ताजा खबरें