गैरसैंण में सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। सत्र के सुचारु संचालन और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष ब्रीफिंग दी गई। तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
ब्रीफिंग के दौरान बताया गया कि विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विशेष रूप से विधानसभा गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की गहन जांच की जाए। केवल अधिकृत व्यक्तियों और वैध पासधारकों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को अपने व्यवहार में संयम और मर्यादा बनाए रखने के निर्देश भी दिए। कहा गया कि पुलिस कर्मी संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें और किसी भी प्रकार की असामान्य या संदिग्ध स्थिति सामने आने पर तुरंत अपने प्रभारी अधिकारी को सूचित करें। बजट सत्र के दौरान संभावित भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की गई है, ताकि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस प्रशासन का कहना है कि विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हर स्तर पर सतर्कता बरती जाएगी और शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

