दून कोर्ट में पुलिस और खुफिया टीमों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

Blog
 Image

देहरादून में स्थित दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल जिला जज कार्यालय को प्राप्त हुआ, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। सूचना मिलते ही एसएसपी सिटी प्रमेन्द्र डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को एहतियातन खाली करा दिया गया।

सुरक्षा की दृष्टि से सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कोर्ट परिसर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई और बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड व खुफिया एजेंसियों की टीमों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में जिस ई-मेल आईडी से धमकी भेजी गई है, उसके तार कथित रूप से पाकिस्तानी संगठन से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभी जांच जारी है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। साइबर सेल को भी ई-मेल की तकनीकी जांच सौंपी गई है ताकि स्रोत का पता लगाया जा सके। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल मिलने के बाद अधिवक्ताओं में भी चिंता का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से न्यायालय परिसरों की सुरक्षा और मजबूत करने की मांग की है।गौरतलब है कि इससे पहले हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल के जिला न्यायालयों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इन सभी मामलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस इन घटनाओं को असामाजिक तत्वों की शरारत से भी जोड़कर देख रही है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते पुलिस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सभी न्यायालय परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और साइबर माध्यम से भेजी जा रही धमकियों की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल दून में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।