दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि उन्हें भगवंत मान पर गर्व है। आम आदमी पार्टी के संयोजक ने भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को पद से हटाने को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री की तारीफ की। केजरीवाल ने यह भी कहा कि मान का फैसला पता चलने पर उनके आंख में आंसू आ गए।
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ”आप पर गर्व है भगवंत। आपके ऐक्शन ने मेरे आंखों में आंसू ला दिए। आज पूरे देश को AAP पर गर्व महसूस हो रहा है।” बाद में एक वर्चुअल प्रेस कॉनफ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश में केवल आम आदमी पार्टी ही कट्टर ईमानदार सरकार दे सकती है। उन्होंने कहा, ”किसी को इस भ्रष्टाचार का पता नहीं था। ना मीडिया ना विपक्ष को। मान साहब चाहते तो मंत्री से सेटिंग करके अपने लिए हिस्सा मांग सकते थे। अब तक तो ऐसा ही होता आया है। वह चाहते तो मामले को दबा सकते थे। उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने खुद मंत्री के खिलाफ ऐक्शन लिया। भगवंत हमें आपके ऊपर गर्व है। ऊपर पंजाब और देश को आप पर गर्व है।”
केजरीवाल ने कहा, ”2015 में जब दिल्ली में हमारी सरकार बनी थी तो मैंने अपने फूड मिनिस्टर के खिलाफ ऐसा ऐक्शन लिया था। उसके खिलाफ सबूत मेरे पास आए थे, तब भी किसी को नहीं पता था। मैं खुद उसके खिलाफ ऐक्शन लिया था। आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार पार्टी है। कट्टर ईमानदार मतलब अगर हमारा कोई अपना भी चोरी करेगा तो छोड़ेंगे नहीं।” इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है। मान ने कहा कि उन्होंने सिंगला को कैबिनेट से हटा दिया है और पुलिस को केस दर्ज करने को कहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सिंगला कॉन्ट्रैक्ट्स में 1 फीसदी कमीशन मांग रहे थे और उन्होंने इसे स्वीकार किया था।केजरीवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार भारत माता के साथ गद्दारी है। उन्होंने कहा, ”गर्दन कट जाएगी लेकिन देश के साथ गद्दारी ना करेंगे और ना करने देंगे। जो हमने किया है वह करने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए। यह हिम्मत हमें भगवान से मिलती है।”