मुरादाबाद हत्या जांच में सामने आई रोंगटे खड़े कर देने वाली साजिश

Blog
 Image

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या करने के लिए प्रेमी के साथ ऐसी साजिश रची, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। आरोपी महिला ने अपने रिश्ते के भतीजे प्रेमी, अपनी बहन और बहन के प्रेमी के साथ मिलकर पति को पहले बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, फिर बिजली के करंट के झटके दिए और आखिर में जहर पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। हैरानी की बात यह है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया और आसपास के लोगों को यह कहानी सुनाई कि मृतक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली और गिरने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह खौफनाक वारदात मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र स्थित ढक्का इलाके की है। मृतक पवन की शादी करीब छह साल पहले आंचल से हुई थी। दोनों की एक तीन साल की बेटी भी है। परिवार सामान्य जीवन बिता रहा था, लेकिन इसी दौरान आंचल के अपने ही रिश्ते के भतीजे अंकित से अवैध संबंध बन गए। धीरे-धीरे इस रिश्ते की भनक पवन को लग गई। इसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर आंचल ने प्रेमी अंकित के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। इस साजिश में उसकी बहन शिखा और शिखा का प्रेमी अजय भी शामिल हो गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात से करीब चार दिन पहले ही आंचल की बहन शिखा उसके घर आकर रहने लगी थी। इसी दौरान हत्या की पूरी प्लानिंग तैयार की गई। वारदात वाले दिन चारों आरोपियों ने पहले पवन को जहर देने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो उसे पकड़कर बांध दिया गया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे कई बार बिजली का करंट दिया गया। करीब तीन घंटे तक पवन दर्द से तड़पता रहा। हालत बिगड़ने पर आरोपियों ने उसे जबरन जहर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

आत्महत्या दिखाने के लिए रची गई झूठी कहानी
हत्या के बाद आरोपी घबरा गए। पुलिस को गुमराह करने के लिए उन्होंने शव को घर की सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। फिर शोर मचाकर लोगों को बुलाया और बताया कि पवन ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली तथा गिरने से उसकी मौत हो गई। शुरुआत में मामला आत्महत्या जैसा लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई सामने ला दी। शरीर पर चोटों के निशान और करंट दिए जाने के संकेत मिलने के बाद पुलिस का शक गहराया और सख्ती से पूछताछ करने पर पूरा मामला खुल गया।

परिजनों को पहले से था खतरे का अंदेशा
मृतक पवन के परिवार ने पुलिस को बताया कि करीब तीन महीने पहले पवन ने अपनी बहन को फोन कर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उसने बताया था कि पत्नी और उसके व्यवहार में अचानक बदलाव आया है और उसे किसी बड़ी साजिश का डर है। हालांकि उस समय परिवार ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया। अब घटना के बाद परिजन सदमे में हैं और खुद को दोषी मान रहे हैं कि यदि उस समय बात को गंभीरता से लिया होता तो शायद पवन की जान बचाई जा सकती थी। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि थाना मझोला में हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच में पत्नी आंचल, उसके प्रेमी अंकित, बहन शिखा और उसके प्रेमी अजय की संलिप्तता सामने आई। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने हत्या, साजिश और सबूत मिटाने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मासूम बेटी पर टूटा दुखों का पहाड़
इस खौफनाक घटना में सबसे ज्यादा दर्दनाक स्थिति उस तीन साल की मासूम बच्ची की है, जिसने एक ही झटके में अपने पिता को खो दिया और मां सलाखों के पीछे पहुंच गई। यह वारदात एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते अविश्वास, अवैध संबंधों और अपराध की भयावह तस्वीर सामने लाती है। मुरादाबाद की यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है, जिसने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि रिश्तों की नींव जब स्वार्थ और छल पर टिक जाए तो उसका अंत कितना भयावह हो सकता है।