देहरादून। उत्तराखंड में खेल महाकुंभ के तहत आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार खिलाड़ियों के भोजन भत्ते में बढ़ोतरी की तैयारी कर रही है। वर्तमान में खिलाड़ियों को प्रतिदिन 225 रुपये भोजन के लिए दिए जाते हैं, जिसे बढ़ाकर 350 रुपये प्रतिदिन करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव का परीक्षण कर इसे मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की शुरुआत 23 नवंबर 2025 से न्याय पंचायत स्तर पर की गई थी। यह प्रतियोगिता न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित की गई, जिसमें एक लाख 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस खेल आयोजन ने प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य किया है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के भोजन की व्यवस्था युवा कल्याण विभाग के माध्यम से की जाती है।
प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण विभाग का कहना है कि वर्तमान महंगाई और पोषण आवश्यकताओं को देखते हुए 225 रुपये प्रतिदिन की राशि पर्याप्त नहीं है। खिलाड़ियों को दिन में तीनों समय गुणवत्ता युक्त और संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के लिए इसे बढ़ाकर 350 रुपये प्रतिदिन किया जाना आवश्यक है। विभाग ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा था। हाल ही में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के समापन समारोह में इस प्रस्ताव पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्ताव का परीक्षण कर इसे सीएम घोषणा में शामिल किया जाए। इससे खिलाड़ियों को बेहतर पोषण और सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा विभाग ने प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर मुख्यमंत्री खेल क्लब गठन करने और प्रत्येक क्लब को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता देने का प्रस्ताव भी रखा है। साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण केंद्र और हॉस्टल निर्माण की योजना भी प्रस्तुत की गई है। इन प्रस्तावों पर भी मुख्यमंत्री ने परीक्षण के बाद घोषणा में शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

